दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर 25 वाहन आपस में टकराये, कई घायल
गाजियाबाद, 29 जनवरी (हि.स.)। जनपद में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह कोहरे के कारण 25 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में 12 से ज्यादा लोग घायल हाे गए, जिनमे चार की हालत गम्भीर है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर भीषण जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
यह दुर्घटना मसूरी थाना क्षेत्र में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार की सुबह तड़के सड़क पर घना कोहरा हाेने के कारण वाहन चालकों को आगे का रास्ता साफ नजर नहीं आ रहा था। इसी दौरान एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहे कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कई गाड़ियों के आगे और पीछे के हिस्से पूरी तरह टूट-फूट गए। कुछ कार एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं, जिससे ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत का काम शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोदी नगर सहायक पुलिस आयुक्त ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आज सुबह दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस—वे पर मेरठ से दिल्ली जाने वाली दिशा में करीब 25 से 30 गाड़ियां घने कोहरे के कारण आपस में टकरा गईं। इसमें पांच व्यक्तियों को चोट आयी है। एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर है। अन्य चार व्यक्तियों को सामान्य चोटें हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आपस में टकराई हुई गाड़ियों को साइड में करके यातायात को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।