दीवार लेखन प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम : भूपेन्द्र सिंह चौधरी

प्रयागराज, 16 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने लोकसभा-2024 चुनाव को लेकर चुनावी प्रचार का आगाज कर कर दिया है। भाजपा के पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता तक डिजिटल वॉल पेंटिंग के कार्य में जुटे हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ता,पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि अपने हाथों केसरिया रंग से ‘एक बार फिर से मोदी सरकार’ का डिजिटल वॉल पेटिंग चस्पा कर रहे हैं। इसके अलावा कमल का फूल काले व सफेद रंग सें दीवार पर अपने हाथों से प्रत्येक बूथों पर बना रहे हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि दीवार लेखन प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम है। जिसका शुभारम्भ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने हाथों लेखन कर शुभारम्भ कर चुके हैं।

यह बातें प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश अभियान प्रमुख गोविंद नारायण शुक्ला ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से भाजपा पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कही। प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय प्रभारी एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं ज़िलाध्यक्ष व सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष एवं दीवार लेखन अभियान के जिला एवं विधानसभा संयोजकों से दीवार लेखन पर बिन्दुवार चर्चा कर दिशा निर्देश देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा ‘एक बार फिर से मोदी सरकार’ बनाने के लक्ष्य को स्वयं प्रदर्शित कर अभियान में सभी कार्यकर्ताओं को जोड़ना होगा।

जिला अभियान संयोजक व भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि वर्चुअल बैठक में भाजपा काशी क्षेत्र महामंत्री सुशील त्रिपाठी, यमुनापार ज़िलाध्यक्ष विनोद प्रजापति, मेजा विधानसभा संयोजक अमरेश तिवारी, करछना विधानसभा संयोजक मिथिलेश पांडेय, बारा विधानसभा संयोजक राकेश विश्वकर्मा व कोरांव विधानसभा संयोजक शशि द्विवेदी बैठक में सम्मिलित रहे। जिसमें समस्त प्रदेश पदाधिकारी, लोकसभा राज्यसभा सांसद और केन्द्र सरकार के मंत्री अपने लोकसभा के बूथ पर दीवार लेखन प्रारम्भ करेंगे।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि 17 जनवरी को सभी मंत्री,विधायक,सदस्य विधान परिषद अपनी विधानसभा के बूथ पर दीवार लेखन प्रारम्भ करेंगे। 18 जनवरी को समस्त क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधिगणों द्वारा दीवार लेखन करेंगे। प्रत्येक बूथों पर दीवार लेखन कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा 30 जनवरी तक अभियान चलाकर पूरे किए जाएंगे।