महात्मा गांधी ने पूरे विश्व में सत्य- अहिंसा की अलख जगाई – डाेटासरा

महात्मा गांधी ने पूरे विश्व में सत्य- अहिंसा की अलख जगाई – डाेटासरा

जयपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी का मार्गदर्शन कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश को स्वतंत्र करवाया और पूरे विश्व में सत्य, अहिंसा की अलख जगायी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश के लिए एक सपना देखा था और जो मार्ग दिखाया था, आज केन्द्र की सत्ता में बैठे लोग उस मार्ग से भटक गये हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि राजस्थान प्रदेश में दिल्ली की पर्ची से ऐसी सरकार बन गई जो देश और प्रदेश में नफरत व वैमनस्य फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में जब-जब कांग्रेस और यूपीए की सरकार बनी तो जनकल्याण के लिए एक से बढक़र एक फ्लैगशिप योजनाएं लागू हुई, जबकि पिछले दस वर्ष से केन्द्र की सत्ता में बैठे लोग देश में नफरत फैलाने का कार्य कर रहे हैं, देश में भाईचारा समाप्त कर वैमनस्य पैदा किया जा रहा है, सरकार इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त है।

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार काे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सर्व धर्म प्रार्थना सभा के बाद पत्रकाराें से बातचीत करते हुए डोटासरा ने महाकुंभ में मची भगदड़ के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ हम सभी देशवासियों के लिए गौरव प्रदान करने वाला है किन्तु वहां इंतजाम करना, जनता को सुविधाएं देना सरकार का कार्य है जिसमें भाजपा सरकार विफल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विगत् बारह माह से कोई कार्य प्रदेश सरकार द्वारा नहीं किया गया। भाजपा की प्रदेश सरकार संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार करने का कार्य कर रही है। भाजपा की प्रदेश सरकार द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टाले जा रहे है, जबकि 6 माह से अधिक इन संस्थाओं में कोई भी पद रिक्त नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख के चुनाव का कार्यक्रम तीन बार घोषित हो चुका है। उन्होंने कहा कि 14 माह से अधिक समय हो गया किन्तु चुनाव नहीं करवाये जा रहे है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा भरतपुर में जिला प्रमुख के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया जाता है और सरकार द्वारा उसे निरस्त किया जाता है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा 60 दिवस में चुनाव करवाने के आदेश कुछ लोगों की प्रार्थना पर पारित किये गये, किन्तु राज्य सरकार आश्चर्यजनक रूप से स्टे ले आयी कि सरकार को भी सुना जाये। उन्होंने कहा कि भरतपुर में जिला परिषद् की मीटिंग नहीं हो पा रही, कोरम पूरा नहीं हो रहा और जिला कलेक्टर प्रशासक के रूप में कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार करने का यह ज्वलंत उदाहरण है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के डोटासरा को सपने में भी भाजपा दिखने, भाजपा फोबिया होने के बयान से जुड़े सवाल पर डोटासरा ने कहा कि वो तो राठौड़ साहब को भी सपने में यही आता है। भाजपा-आरएसएस ने उनके साथ क्या किया? वे तो खुद जनता दल से आए थे। भैरोंसिंह जी उन्हें भाजपा में लेकर आए थे, वसुंधरा ने उन्हें आगे बढ़ाया। बाद में शायद वसुंधरा के खिलाफ हो गए। अभी राठौड़ साहब को नहीं बोलना चाहिए, उनके दिन अच्छे नहीं हैं। मैं नहीं बोलूंगा, वो मेरे बड़े भाई हैं। राजस्थान की विधानसभा में उनसे पार्लियामेंट्री कला को हमने सीखने का प्रयास किया है। उनकी विचारधारा तो हम नहीं अपना सकते हैं, लेकिन काफी कुछ उनमें अच्छाइयां है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के विधानसभा सत्र से छुट्टी लेने के सवाल पर कहा उन्हाेंने कहा कि डॉ. किरोड़ी के साथ तो गलत कर रहे हैं। अब कब बम फूटता है, देखते हैं। वो आदमी झुकने वाला नहीं है यह तो मैं कह सकता हूं। झुकेंगे नहीं भले टूट जाएंगे। मैं उनको जानता हूं, वसुंधराजी के सामने उनके तेवर देखे हैं। अब भजनलालजी तो चीज क्या हैं, उन्होंने वसुंधरा जी को भी नहीं बक्शा। तो देखते हैं कब क्या होता है?

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर तंज कसते हुए डोटासरा ने कहा कि शिक्षा मंत्री को शिक्षा से कोई मतलब नहीं है, वे तो बेमतलब में खुद को एक्सपोज कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहीद दिवस पर सभी कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया है कि महात्मा गांधी के पथ पर चलते हुए देश को मजबूत बनाने, समाज में भाईचारा कायम रखने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों द्वारा जिस प्रकार जनता को जनविरोधी कार्य कर प्रताडित किया जा रहा है, उसका विरोध अहिंसात्मक आंदोलन के द्वारा जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कांग्रेस पार्टी द्वारा किया जाएगा।

—————