एसीबी की टीम ने रेंजर को रिश्‍वत लेते रंगे हाथों पकड़ा 

एसीबी की टीम ने रेंजर को रिश्‍वत लेते रंगे हाथों पकड़ा 

रायपुर, 14 फरवरी (हि.स.)। रायगढ़ जिले में वन भूमि को आबादी घोषित करने के नाम पर वन व‍िभाग के एक रेंजर के द्वारा रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद एंट्री करप्शन ब्यूरो की टीम ने आज शुक्रवार को वन विभाग के अधिकारी को रंगे हाथ पकड़कर पूछताछ कर रही है। मामला खरसिया रेंज का है। मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया रेंज में पदस्थ रेंजर टीपी वस्त्रकार के द्वारा ग्राम पंचायत खड़गांव के बजरंग सिदार से वन भूमि को आबादी घोषित करने के एवज में 15 हजार रूपये रिश्वत की मांग की गई थी।

प्रार्थी बजरंग सिदार रेंजर टीपी वस्त्रकार को रिश्वत नहीं देना चाहता था। इसलिये उसने इस पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में कर दी थी। जिसके बाद आज सुनियोजित तरीके से यह छापामार कार्रवाई की गई है, जहां खरसिया रेंजर को 15 हजार रूपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने पकड़ा है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

एसीबी के एक अधिकारी ने बताया कि, खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खडगांव के सरपंच बजरंग सिदार ने एसीबी में शिकायत की थी कि, उनके यहां हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आबंटन हुआ है, जहां भूमि नही होने के कारण कलेक्टर को आवेदन लिखा गया था। जिसके बाद कलेक्टर ने वन विभाग को नक्शा बनाकर रिपोर्ट देने को कहा था। जिसके बाद रेंजर टीपी वस्त्राकार के द्वारा सत्यापन करने के नाम पर 25 हजार रूपये की मांग की गई थी, जो सत्यापन कराये जाने के बाद सही पाया गया। 15 हजार रुपये पर बात फायनल हुई थी, जिसके बाद रेंजर टीपी वस्त्रकार आज 15 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है।