किसानों को वैकल्पिक खेती के लिए करें प्रेरित : उपायुक्त
खूंटी, 18 फ़रवरी (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामसभा से अपील की है कि वे खूंटी जिले में अफीम की अवैध खेती के दुष्प्रभावों पर अंकुश लगाने, अफीम विनष्टीकरण तथा किसानों को वैकल्पिक खेती की ओर प्रेरित करने में सहयोग करें।
उपायुक्त अफीम की खेती को लेकर मंगलवार को मुरहू प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सभी पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधि, मुखिया, ग्राम प्रधान, प्रखंड प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य आदि उपस्थित थे। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद थे।
बैठक में वैकल्पिक खेती को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए ड्रैगन फ्रूट, टमाटर, बैंगन समेत अन्य फसलों की खेती को अपनाने पर जोर दिया गया, जिससे किसान अच्छा मुनाफा कमा सकें। उपायुक्त ने क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों से जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे अफीम विनष्टीकरण कार्य में सहयोग करने एवं वैकल्पिक खेती को लेकर लोगों को प्रेरित करने की अपील की। उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन कर क्षेत्र के अनुसार वैकल्पिक खेती की योजना तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। मौके पर किसानों को वैकल्पिक खेती की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा मूंग बीज समेत अन्य बीजों का वितरण किया गया।
—————