मधुमक्खी पालन कर आय वृद्धि करें किसान: उपायुक्त
खूंटी, 1 मार्च (हि.स.)। जिला उद्यान कार्यालय के तत्वावधान में राज्य उद्यान विकास योजना के अंतर्गत आयोजित पांच दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को हो गया।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा और जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने 20 लाभुकों को मधुमक्खी पालन के लिए बॉक्स, कॉलोनी और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया।
समापन समारोह में उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए कृषि उत्पादों को फार्म से बाजार तक पहुंचाने में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने किसानों को मधुमक्खी पालन को व्यावसायिक रूप देने और इसे एक सशक्त उद्यम के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया। 24 फरवरी 2025 से प्रारंभ इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक मधुमक्खी पालन की तकनीक, शहद उत्पादन की उन्नत विधि और बाजार तक पहुंचने की रणनीतियों पर प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन, लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रत्येक लाभुक को 20-20 मधुमक्खी बॉक्स, कॉलोनी एवं अन्य सहायक सामग्री का वितरण किया गया।
—————