कांग्रेस की संगठन सृजन परिचर्चा में हंगामा
पलामू, 6 मार्च (हि.स.)।संगठन सशक्तिकरण अभियान के तहत कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने के लिए मेदिनीनगर के कांग्रेस भवन में पलामू प्रमंडल स्तरीय प्रखंड एवं मंडल अध्यक्ष की संगठन सृजन परिचर्चा का आयोजन गुरूवार को किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस झारखंड प्रभारी के राजू शामिल हुए। उनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, केएन त्रिपाठी ने मुख्य रूप से भाग लिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी के राजू ने प्रखंड, मंडल अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ताओं को संगठन हित में बेहतर कार्य करने की सलाह दी। उनसे संगठन को लेकर सलाह ली। कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर चर्चा की।
इसी क्रम में कांग्रेस नेता जीशान खान ने पलामू जिला अध्यक्ष बिट्टू पाठक पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बिट्टू पाठक भारतीय जनता पार्टी को सपोर्ट करते हैं। एजेंट बनकर पार्टी उम्मीदवार को हरवातेे हैं। इनके जिला अध्यक्ष रहते हुए कांग्रेस पार्टी की लगातार हार हुई है। 2019 से लेकर 2024 के विधानसभा के चुनाव में पार्टी कैंडिडेट को हार का सामना करना पड़ा। 2024 के विधानसभा चुनाव में अगर बिट्टू पाठक की सक्रियता रहती तो डालटनगंज विधानसभा सीट से केएन त्रिपाठी आज विधायक होते। जीशान खान ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने जीवन में बिट्टू पाठक से खराब इंसान आज तक नहीं देखा।
जीशान खान के आप पर बिट्टू पाठक ने भी निशाना साधा। कुछ देर तक हंगामा होते रहा। बाद में पार्टी के सीनियर लीडर ने दोनों को शांत कराया। हालांकि इसके बाद भी कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं के खिलाफ बयानबाजी की और कमजोरी को रखा।
बैठक के दौरान झारखंड प्रभारी के राजू ने कहा कि पलामू, गढ़वा एवं लातेहार के कार्यकर्ताओं से पार्टी को सशक्त बनाने को लेकर सलाह ली गई। भूमिका को समझ गया। इस पर सीनियर लीडर के साथ स्ट्रेटजी तैयार की जाएगी और बेहतर संगठन बनाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अध्यक्षता और संचालन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष, लातेहार , गढ़वा जिलाध्यक्ष, विमला कुमारी, विजय चौबे, रामाशीष पांडेय, विनोद तिवारी, श्याम नारायण सिंह, मुन्ना खान, इंदु भगत, जितेंद्र कमलापुरी, नफीस खान, नसीम खान, लाल सूरज के अलावा तीनों जिला के प्रखंड और मंडल अध्यक्ष सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
—————