प्रेमी के घर के सामने बैठी गर्भवती युवती मांग रही न्याय
मीरजापुर, 07 मार्च (हि.स.)। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का शिकार हुई एक युवती न्याय के लिए प्रेमी के घर के बाहर बीते चार दिनों से धरने पर बैठी है। वह आठ माह की गर्भवती है। युवती का कहना है कि उसके पिता ने भी उसे घर से निकाल दिया और अब उसके पास कोई सहारा नहीं बचा है।
हलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का आरोप लगा। युवती की शिकायत पर 30 अगस्त 2024 को पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया। आराेपित युवक माैजूदा में जमानत पर है, लेकिन अब उसने युवती को अपनाने से इनकार कर दिया है। वहीं युवती आठ माह की गर्भवती है और अपने बच्चे को उसके पिता का नाम दिलाने के लिए प्रेमी के घर के बाहर चार दिनाें से बैठी है। इस सूचना पर शुक्रवार काे हलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने प्रेमी के घर के सामने से हटने से इनकार कर दिया। युवती का कहना है कि उसे प्रेमी के घर में आश्रय चाहिए, क्योंकि पिता भी उसे रखने को तैयार नहीं है।
क्षेत्राधिकारी लालगंज अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रेमी युवक के खिलाफ मामला पहले से ही दर्ज हैं। यदि युवती के पिता उसे रखने को तैयार नहीं हैं, तो उसे नारी निकेतन भेजा जाएगा। इसके लिए थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह को निर्देशित कर दिया गया है, ताकि युवती की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
——————–