फतेहाबाद: आंगनबाड़ी वर्कर्स ने डीसी कार्यालय पर डाला पड़ाव, सरकार के रवैये पर जताई नाराजगी
फतेहाबाद, 26 मार्च (हि.स.)। परियोजना वर्कर्स एक आर फिर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर है। आशा वर्कर्स के बाद बुधवार को आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हैल्पर्स भी फतेहाबाद के लघु सचिवालय में धरने पर बैठी और सरकार के परियोजना वर्कर्स के प्रति रवैये को लेकर कड़ा रोष जताया। धरने की अध्यक्षता आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हैल्पर्स यूनियन की जिला प्रधान सुनीता झलनियां ने की व संचालन माया पूनियां ने किया। आज के धरना प्रदर्शन में जिलाभर से सैंकड़ो वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने भाग लिया। यह धरना 28 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक दिया जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए जिला प्रधान सुनीता झलनिया, माया पूनिया, दमयंती और माया बेनीवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि विभाग द्वारा जो मोबाइल फोन आंगनबाड़ी वर्कर को दिए गए थे, वह 3 जीबी रैम के हैं। यह मोबाइल पोषण ट्रैकर ऐप के लगातार अपडेट हो रहे वर्जन में काम नहीं कर रहे। उनकी मांग है कि आंगनबाड़ी वर्कर्स को अच्छी क्वालिटी के मोबाइल फोन दिए जाएं जिनमें ऐप सही ढंग से काम कर सके। इसके अलावा टीएचआर भरते हुए बेनिफिशियरी की फोटो मांगता है, साथ ही महीने में जो टीएचआर लेकर जाएगा, लगातार फिर वही व्यक्ति हर महीने लेकर जाएगा। आंगनबाड़ी में कभी बच्चों की दादी, कभी बच्चों की मां खाना लेकर जाती हैं, ऐसे में एक व्यक्ति द्वारा राशन लेकर जाने की शर्त हटाए जाए।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी वर्करों को कभी मानदेय रोकने की तो कभी नोटिस निकालने जैसी तरह-तरह की धमकियां दी जा रही है। इसके अलावा कई सेंटरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं की व्यक्तिगत हानि होने की काफी आशंका है। पिछले आंदोलन के दौरान बर्खास्त आंगनबाड़ी वर्करों को पिछला काम करने की शर्त पर मानदेय देने की बात हुई थी, अब पिछला सारा काम कर दिया गया है। यमुनानगर, करनाल और सिरसा में मानदेय दिया गया है लेकिन फतेहाबाद में अभी तक हेल्पर और वर्कर का मानदेय नहीं दिया गया। इन्हें जल्द मानदेय का भुगतान किया जाए। इसके अलावा उन्होंने खाली पड़े पदों को भरने और प्रमोशन में 25 प्रतिशत की बजाय 50 प्रतिशत कोटा होना चाहिए। अपने सैंटर के अलावा दूसरे आंगनबाड़ी का काम संभाल रही वर्कर को कम से कम आधा मानदेय अलग से दिया जाए। धरने को सीटू नेता बेगराज, ओमप्रकाश अनेजा और जगीर सिंह, अध्यापक संघ के जिला प्रधान बेगराज के अलावा आंगनबाड़ी यूनियन से सावित्री, इन्द्रो और रजनी ने भी संबोधित किया।