फतेहाबाद: एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा तो हुआ सीएससी सेंटर संचालक का पोस्टमार्टम
फतेहाबाद, 5 अप्रैल (हि.स.)। जिले के भट्टू क्षेत्र के गांव ठुईयां में सीएससी सेंटर संचालक की हत्या से लोगों में काफी रोष है। मृतक युवक का शनिवार को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। इससे पूर्व शनिवार को घटना से खफा भट्टू क्षेत्र के अनेक गांवों से लोग फतेहाबाद पहुंचे और पुलिस से हत्या आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय के बाहर रोष जताया। बाद में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसपी आस्था मोदी से मिलने उनके आवास पर पहुंचा। एसपी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद परिजन व ग्रामीण प्रदीप के शव का पोस्टमॉर्टम करवाने को सहमत हुए। इस मामले में भट्टूकलां पुलिस ने गांव ठुईयां निवासी राम सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में ठुईयां निवासी राम सिंह ने कहा है कि उसका भतीजा प्रदीप कुमार गांव में ग्राहक सेवा केन्द्र जोकि एसबीआई की मिनी शाखा के नाम से दुकान करता था। उसकी दुकान पर काम सिखने के लिए फरवरी से गांव ठुईयां की ही अंजली नामक युवती लगी हुई थी। शुक्रवार देर शाम को जब वह अपने भतीजे प्रदीप के साथ उसकी दुकान के पास खड़ा था, तो इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर चार युवक सवार होकर आए और सीएससी सैंटर में जा घुसे। थोड़ी देर में उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो वह दुकान में गया। उसके देखते-देखते चारों अज्ञात चोर प्रदीप कुमार को गोली मारकर व उसका लैपटाप लूटकर हथियारों सहित मोटरसाइकिल पर गांव पीलीमंदौरी की तरफ भाग गए। उसने लहुलूहान हालत में प्रदीप कुमार को भट्टू के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में भट्टूकलां पुलिस ने केस दर्ज किया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस घटना से ठुईयां व आसपास के गांवों के लोगों में काफी रोष है। गांव ढांड के सरपंच चंद्रमोहन पोटलिया, किसान नेता कमल बिसला व किसान सभा के प्रधान विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि एसपी ने जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। इसलिए ग्रामीणों ने पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए हैं। अगर पुलिस प्रशासन ने फिर भी कोई ढिलाई बरती तो दोबारा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।