फतेहाबाद : कंपनी में निवेश कर पैसा डबल करने का लालच देकर हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी

फतेहाबाद : कंपनी में निवेश कर पैसा डबल करने का लालच देकर हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी

फतेहाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रतिया क्षेत्र में ग्रामीणों को पैसे डबल करने का लालच देकर उनके साथ करोड़ों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस मामले में ठगी का शिकार हुए लोग मंगलवार को फतेहाबाद में एसपी आस्था मोदी से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनका पैसा वापस दिलवाने की गुहार लगाई। इन लोगों का कहना है कि रतिया के गांव सहनाल के एक युवक ने अपने पिता के नाम पर कंपनी बनाकर फतेहाबाद के अलावा हिसार, सिरसा व पंजाब के करीब 12 हजार लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे करीब 70 करोड़ रुपए ठग लिए है। इसमें से 40 करोड़ के फ्रॉड के तो उनके पास दस्तावेज तक हैं। एसपी ने ग्रामीणों को इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। एसपी से मिलने पहुंचे गांव सहनाल निवासी सुरेश कुमार व राजेंद्र कुमार ने बताया कि गांव सहनाल के सुखविंद्र सिंह ने अपने पिता के नाम पर शीशपाल फ्रंट-लेन कंसल्टेंसी एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाई है। सुखविंद्र खुद को कंपनी का सीईओ बताता है। सुखविन्द्र ने ग्रामीणों को कम्पनी में पैसा निवेश करने पर डबल करने का लालच दिया। इसके बाद 8-9 महीने में ही हजारों लोगों ने लाखों रुपये उसकी कम्पनी में निवेश कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक उक्त व्यक्ति 12 हजार लोगों से करीब 70 करोड़ रुपए इकट्‌ठा कर चुका है। सुरेश कुमार ने बताया कि 40 करोड़ रुपए जमा करवाने का तो उनके पास पूरा डेटा है। अब इस कंपनी के सीईओ का मोबाइल नंबर बंद है। शिकायतकर्ता राजेंद्र ने बताया कि उसने 10 रिश्तेदारों का पैसा इस कंपनी में लगवाया था। दिसंबर महीने में कंपनी संचालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। कंपनी मालिक ने 25 से ज्यादा लोगों को एजेंट बनाकर लगा रखा था, जो लोगों से पैसे लगवाते थे। राजेंद्र ने बताया कि उसने भी बड़ी मुश्किल से अपने रुपए निकलवाए। राजेंद्र व सुरेश कुमार ने बताया कि इस कंपनी में पैसा इन्वेस्ट करने वालों को एक एग्रीमेंट भी दिया जाता था। एग्रीमेंट में निवेश की जा रही राशि, अवधि व अन्य टर्म एंड कंडीशन लिखी हुई होती हैं। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि इस कंपनी में फतेहाबाद जिले के अलावा हिसार-सिरसा व पंजाब के कई लोगों ने भी निवेश के नाम पर पैसे लगा रखे हैं। पहले आसपास के लोगों को निवेश करने को कहा गया, उसके बाद सिलसिला बढ़ता गया। लोगों ने अपने रिश्तेदारों के भी पैसे लगवा दिए। इस संबंध में रतिया के सदर थाना प्रभारी राजबीर सिंह का कहना है कि इस कंपनी के खिलाफ शिकायतें आई थी। जिन्हें इकोनॉमिक सेल को भेज दिया गया था। अब मामले की जांच इकॉनोमिक सेल ही कर रही है।