गरीब और वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर बनाकर विकसित दिल्ली के लक्ष्य को पूरा करेंगे : रविंद्र इंद्राज सिंह

गरीब और वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर बनाकर विकसित दिल्ली के लक्ष्य को पूरा करेंगे : रविंद्र इंद्राज सिंह

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। समाज कल्याण, एससी/एसटी कल्याण, चुनाव और सहकारिता मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि गरीब और वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर बनाकर विकसित दिल्ली के लक्ष्य को पूरा करेंगे। मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने शनिवार को मोइरांग दिवस के उपलक्ष्य में नेताजी सुभाष बोस आईएनए ट्रस्ट एवं फिक्की की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कही। उन्होंने इस मौके पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन किया। 14 अप्रैल 1944 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आजाद हिंद फौज ने मणिपुर के मोइरांग में पहली बार स्वतंत्र भारत का तिरंगा फहराया था।

रविंद्र इंद्राज ने कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले महापुरुषों को सम्मान देने और उनके संदेशों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम लगातार हो रहा है। केंद्र सरकार ने नेताजी की स्मृति में इंडिया गेट के नजदीक भव्य प्रतिमा स्थापित की है, लाल किला में संग्रहालय बनवाया और अंडमान निकोबार में आइलैंड का नाम नेताजी के नाम पर रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

रविंद्र इंद्राज ने कहा की हाल ही में दिल्ली सरकार ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर जी का जयंती सप्ताह मनाया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस और बाबा साहेब जैसे महापुरुषों का सपना था कि गरीब और वंचित वर्ग के लोग मुख्यधारा में अहम योगदान दें और आत्मनिर्भर बनें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह सपना साकार हो रहा है। गरीब उत्थान के साथ ही देश ‘विकसित भारत’ और विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

रविंद्र इंद्राज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार भी ‘विकसित दिल्ली’ संकल्प की दिशा में गरीब और वंचित वर्ग के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं पर काम कर रही है। ‘सहकारिता से आत्मनिर्भरता’ की दिशा में दिल्ली की हाउसिंग सोसायटी में स्वसहायता समूह के उत्पादों के स्टोर्स खोले जाने हैं। बवाना के ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भर बनाने की परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है।

—————