अल्मोड़ा, 26 जनवरी (हि.स.)। अल्मोड़ा में शुक्रवार को गणतंत्र दिवस धूम धाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह प्रभात फेरी का आयोजन नंदादेवी के प्रांगण से मुख्य बाजार होते हुए चौघानपाटा तक किया गया। जिसमें पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता अजय वर्मा, समेत विभिन्न स्कूली बच्चों एवं जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी विनीत तोमर ने झंडा फहराया। इस दौरान सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया तथा जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के समस्त स्टाफ को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। आज ही के दिन हमारे संविधान निर्माताओं द्वारा तैयार किया गया हमारा संविधान लागू हुआ था। उन्होंने कहा कि हम सभी को संविधान का पालन करते हुए उसके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारना है तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए अपने कर्तव्यों का भी पालन करना है।
पुलिस लाइन अल्मोड़ा में गणतंत्र दिवस धूम धाम से मनाया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय टम्टा ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर झंडा फहराया तथा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों तथा कर्मचारियों समेत स्थानीय लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा ने सभी देश एवं प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं ने जो सपना देखा था आज हम उसे पूरा करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।