भाजपा मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

देहरादून, 26 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट की मौजूदगी में 75वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। बलबीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व महाशक्ति के रूप ने उभर रहा है। आज प्रत्येक महत्वपूर्ण निर्णय पर दुनिया भारत की और देखती है। समाज की बेहतरी और राज्यवासियों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। राष्ट्रीय पर्व के इस पुनीत अवसर पर हमें उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने का प्रण दोहराते हुए आगे बढ़ना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में हमेशा लोकतंत्र के ध्रुव तारे की भांति चमकता रहा है। आज हम आर्थिक और सामरिक ताकत बन गए हैं। जी20 का शानदार आयोजन और वैश्विक संघर्षों के समाधान में दुनिया ने भारत का लोहा माना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। विशेषकर चारधाम, मानसखंड एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में हो रहे आधारभूत सुधार से अब देश दुनिया के रिकॉर्ड पर्यटकों का आगमन होने जा रहा है। उत्तरायण के बाद राम मंदिर निर्माण के साथ शुभ कार्य शुरू हो गए हैं। अब हमें भी प्रदेश में विकास के कामों को और अधिक गति से आगे बढ़ाना है।