पुलिस लाइन में मंत्री सतपाल महाराज ने ली परेड की सलामी, फहराया तिरंगा

हरिद्वार, 26 जनवरी (हि.स.)। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज शुक्रवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए। मंत्री महाराज ने पुलिस लाइन में तिरंगा झंडा फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।

कार्यक्रम में मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि आज का दिन ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों तथा आंदोलनकारियों को नमन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान राष्ट्र का निरन्तर मार्गदर्शन करते आ रहा है तथा हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि हम लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विजन के अनुरूप केदारनाथ तथा बद्रीनाथ धाम में करोड़ों की लागत से पुनर्निर्माण तथा पुनर्विकास के कार्य कराये जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त केदारनाथ तथा बद्रीनाथ की तर्ज पर कुमाऊं के 48 पौराणिक मन्दिरों को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए मानस खण्ड मन्दिर माला के तहत कार्य किया जा रहा है।

सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम में सीमान्त गांवों के सर्वांगीण विकास के नये द्वार खुले हैं। होम स्टे योजना में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड बनने से दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र ढाई घंटे में तय कर सकेंगे। हमारी सरकार एक जनपद दो उत्पाद को निरन्तर प्रोत्साहित कर रही है। अमृत योजना के अन्तर्गत सात शहरों में 151 योजनाओं पर कार्य चल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सीपीयू, चेतक मोबाइल, इण्टर सेप्टर, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, डॉग स्क्वाइड, बम निरोधक दस्ता,अग्निशमन आपात सेवा, जल पुलिस आदि ने अपनी-अपनी सेवाओं का दर्शकों के सामने प्रदर्शन किया। विभिन्न विभागों ने संचालित होने वाली योजनाओं की जानकारी आकर्षक झांकियों के माध्यम से दी। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन, छात्र-छात्रायें तथा पुलिस व प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित थे।