हरिद्वार, 26 जनवरी (हि.स.)। 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पतंजलि योगपीठ में स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण ने तिरंगा झंडा फहराकर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर स्वामी रामदेव ने कहा कि हमने राजनैतिक आजादी तो लगभग 77 साल पहले प्राप्त कर ली थी, किन्तु अभी भी आर्थिक आजादी, शिक्षा की आजादी, चिकित्सा की आजादी, वैचारिक और सांस्कृतिक आजादी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बड़े संकल्पों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश में स्वदेशी शिक्षा, स्वदेशी चिकित्सा, स्वदेशी अर्थव्यवस्था हो और उससे एक स्वावलम्बी, आत्मनिर्भर राष्ट्र बने, इसके लिए सब भारतीयों को एक साथ खड़े होने की आश्वयकता है।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि जिस स्वप्न को देश के वीरों, शहीदों व क्रांतिकारियों ने देखा था, वह स्वप्न अब देश में साकार होता दिख रहा है। हम सब एक होकर विविध तरह के प्रलोभनों से दूर रहते हुए एकनिष्ठ होकर राष्ट्र निर्माण व मां भारती के वैभव के लिए आगे बढ़ें।
इस दौरान पतंजलि गुरुकुलम, आचार्यकुलम, पतंजलि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्रओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।