फतेहाबाद पुलिस ने गैंगस्टर मनदीप पंजाबी को दबोचा
आरोपी के खिलाफ 12 साल में दर्ज हुए 26 केस
फतेहाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। सीआईए फतेहाबाद व टोहाना तथा साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अक्टूबर 2024 में ढाणी गोपाल में लावारिस हालात में खड़े केंटर से बरामद 819 किलोग्राम कचरा डोडा पोस्त बरामदगी मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी भगौड़े मनदीप पंजाबी उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया है। पंजाबी गैंग का सरगना कुख्यात मनदीप पंजाबी पर पिछले 12 सालों में 26 केस दर्ज हो चुके हैं। इनमें से नौ केस में वह बरी हो चुका है। जिन केसों में वह बरी हुआ है, वह साल 2013 व 2014 में दर्ज हुए थे। 17 मामले अभी भी अलग-अलग कोर्ट में विचाराधीन हैं। इस पर भूना और सदर थाना फतेहाबाद में सबसे अधिक केस दर्ज हैं।शुक्रवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि 3 अक्टूबर 2024 को सूचना के आधार पर गांव ढाणी गोपाल की गली में लावारिस हालात में खड़े केंटर से पुलिस ने 819 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया था। इस मामले में पुलिस ने 4 अक्टूबर को थाना भूना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपी भगत सिंह उर्फ भगता पुत्र रमेश कुमार निवासी बनगांव को काबू कर जेल भेज दिया था। आरोपी भगता ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि आरोपी मनदीप उर्फ राजू उर्फ पंजाबी उसी समय गांव मे मौके पर था। मनदीप पंजाबी रास्ता न मिलने की वजह से फायर करके मौके पर केंटर छोडक़र फरार हो गया था। जिला पुलिस तभी से आरोपी मनदीप पंजाबी की तलाश में जुटी थी। वीरवार को बरवाला क्षेत्र में फतेहाबाद पुलिस ने मनदीप पंजाबी को घेरकर काबू कर लिया था। पूछताछ में मनदीप ने बताया कि ढाणी गोपाल से बरामद 819 किलोग्राम कचरा डोडा पोस्त उसी का है। एसपी ने बताया कि आरोपी मनदीप पंजाबी पर लूट, डकैती, हत्या, शस्त्र अधिनियम व आपराधिक 26 मामले दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ करके नशे के इस पूर्व नेटवर्क का पर्दाफाश कर इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।