स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली लागू करेगी दिल्ली सरकार : पंकज कुमार सिंह
– स्वास्थ्य मंत्री ने एआईसी, सीडीएसी और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
नई दिल्ली, 1 मई (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) लागू करेगी। इसी क्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एआईसी), सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सीडीएसी) और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में एचएमआईएस तथा इससे जुड़ी डिजिटल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्यान्वयन पर गहन चर्चा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एचएमआईएस के तहत दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों में मरीज पंजीकरण, अपॉइंटमेंट, बिलिंग, लैब एवं रेडियोलॉजी जांच, ऑपरेशन थिएटर और वार्ड प्रबंधन जैसे विभिन्न मॉड्यूल लागू किए जाएंगे। यह संपूर्ण प्रणाली आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) से पूर्ण रूप से एकीकृत होगी, जिससे सहमति-आधारित और इंटरऑपरेबल डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड, आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट आईडी का एकीकरण और मरीजों के लिए उपयोगकर्ता-अनुकूल मोबाइल एप्लिकेशन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी।
पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हम एक ऐसा डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म तैयार कर रहे हैं, जहां प्राइमरी हेल्थ सेंटर से लेकर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तक का रियल-टाइम डेटा एक ही यूनिफाइड डैशबोर्ड पर देखा जा सकेगा। इससे बेड की उपलब्धता, दवाओं का स्टॉक, जांच और हेल्थ ट्रेंड्स जैसी जानकारियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी।
—————