फतेहाबाद : पुलिस ने गुमशुदा बच्चों को परिवार से मिलाया
फतेहाबाद, 2 मई (हि.स.)। एसपी सिद्धांत जैन के दिशा निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत एक और सराहनीय कार्य करते हुए भट्टूकलां पुलिस ने दो गुमशुदा बच्चों को उनके परिवार से मिलाकर न सिर्फ एक परिवार को राहत दी, बल्कि उनके चेहरों पर मुस्कान भी लौटाई। अपने बच्चों को सकुशल पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शुक्रवार को थाना भट्टू कलां प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि नितिन व उसका छोटा भाई घनश्याम दोनों खेलते समय दोपहर को घर से चले गए और भटक गए। परिवार के सदस्यों ने दोनों बच्चों के घर पर ना आने पर, उनकी काफी जगह तलाश की लेकिन जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने भट्टूकलां थाना में गुरुवार रात्रि 11 बजे सूचना दी। इस पर एएसआई सत्यवान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के नजदीक पार्क के पास से दोनों बच्चों को रोते हुए बरामद कर लिया और उनके पिता विकास पुत्र वेदनाथ निवासी बनगांव को सूचना दी। सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन थाने में पहुंचे जहां पुलिस ने बच्चों को इनके हवाले कर दिया। परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पल उनके जीवन का सबसे सुखद क्षण है।