फतेहाबाद पुलिस ने चलाया श्रमदान अभियान, कर्मचारियों ने की सफाई

फतेहाबाद पुलिस ने चलाया श्रमदान अभियान, कर्मचारियों ने की सफाई

फतेहाबाद, 4 मई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के मार्गदर्शन में फतेहाबाद पुलिस जहां अपराध व अपराधियों पर नकेल कसने में कामयाब साबित हुई है, वहीं समाज की मुख्य धारा में चलते हुए श्रमदान का महत्व भी बता रही है। श्रमदान अभियान को आगे बढ़ाते हुए रविवार को फतेहाबाद पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने थाना, चौकियों व विभिन्न शाखाओं में साफ-सफाई की। इसमें सभी प्रभारियों व कर्मचारियों ने तन-मन से भाग लिया और श्रमदान के महत्व को समझा। एसपी सिद्धान्त जैन ने श्रमदान के महत्व बारे कहा कि श्रमदान की अवधारणा भारत में लंबे समय से प्रचलित है। श्रमदान श्रम की गरिमा से भी जुड़ा है और इससे भी गहरा दावा है कि सभी श्रम समान रूप से सामाजिक रूप से आवश्यक है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का मानना था कि केवल स्वच्छता ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि समान दर्जे पर आधारित सामाजिक व्यवस्था ही श्रमदान का सार है। 100 साल पहले महात्मा गांधी ने भारतीय समाज को राष्ट्रवाद की दिशा में ले जाना शुरू किया था और इसमें कोई संदेह नहीं है कि श्रमदान इसे हासिल करने का एक बड़ा तरीका है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार हम सब मिलकर अपने थाना, चौकियों व शाखाओं में साफ-सफाई करके श्रमदान कर सकते हैं। यह स्वेच्छा से जुड़ा हुआ कार्य है जिसमें सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को तन मन से भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस वातावरण में आप रहते हैं उसका सीधा असर हमारी मानसिक व शारीरिक स्थिति पर प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ता है। इसलिए प्रत्येक दिन सबसे पहले अपने आस पास की सफाई करें।