फतेहपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाले समय में लोकतांत्रिक जनबंधन पूरे प्रदेश में जन पंचायतों का आयोजन कर भाजपा की जनविरोधी नीतियों व कार्यों से जनता को जागरूक करेगी। जिससे लोकतांत्र को बचाया जा सके।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल शनिवार को मुगल रोड स्थित एक प्रतिष्ठान में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार जो कहती है उसको कभी पूरा ही नहीं किया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 में कहा था कि देश में 90 दिनों के अंदर महंगाई कम कर दी जायेंगी। लेकिन 90 महीने हो गए महंगाई तो कम नहीं हुई बल्कि इस कदर बढ़ी है कि आम जनमानस पूरी तरह परेशान हो गया है। रोजमर्रा की सभी समान आसमान छू रहे हैं। सरकार सदन के अंदर महंगाई की चर्चा ही नहीं होने देती है।
उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ समझ चुकी है। मोदी सरकार ने कहा था कि हर वर्ष दो करोड़ सरकारी नौकरियां देंगे लेकिन दो करोड़ तो छोड़ो बेरोजगार दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो गया है। इस सरकार में सरकारी तंत्र निजी तंत्र बन रहा है। देश के सभी सरकारी चीजें बेचने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक जनबंधन पखवाड़ा आयोजित कर जनपंचायत का अभियान चलाएगी। जिसमें लोगों को जागरूक कर सरकार की झूठ का उजागर किया जायेगा।
इस मौके पर महेंद्र बहादुर सिंह बच्चा, पंकज यादव, हर्ष गुप्ता, रवि गुप्ता, जालिम सिंह, राजू कुर्मी, नरेंद्र देव मिश्र, मुकेश पटेल, राहुल गुप्ता, फरहान, अब्दुल समद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।