आर्टीका कार और मोटरसाइकिल के बीच जबरदस्त टक्कर, मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल
रायगढ़, 9 मई (हि.स.)। रायगढ़ जामगांव मुख्य सड़क पर साल्हेओना गांव के पास मोड़ पर शुक्रवार को लापरवाही पूर्वक आर्टीका कार चलाते हुए चालक ने मोटरसाइकिल काे टक्कर मार दिया, जिससे मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार आर्टीका कार चालक ने मोटरसाइकिल सवार जितेंद्र मिश्रा को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार दूर छिटक गया और एच एफ डीलक्स मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। एमएसपी जामगांव के एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल जितेंद्र मिश्रा (28 वर्ष) निवासी छूहीपाली को तत्काल रायगढ़ अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया है, जहां उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार जितेंद्र मिश्रा महापल्ली किसी काम के लिए आया हुआ था और वापस घर छुहिपली जा रहा था। इसी बीच साल्हेओना मोड़ पर जामगांव की ओर से आ रहे आर्टीका सीजी 13 एवाय 4326 के चालक ने तेज रफ्तार लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार एचएफ डीलक्स क्रमांक सीजी 13 यूएफ 1140 को ठोक दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्थल काफी खतरनाक है तथा लोग तेज रफ्तार गाड़ी चलाना नहीं छोड़ते। इसके पहले भी इस जगह पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने बताया कि आर्टीका का चालक भाग रहा था, उसे लोगों ने पकड़ लिया तथा उसे एम्बुलेंस में ही रायगढ़ भेज दिया गया है। उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। चक्रधर नगर थाना पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची तब तक घायल को अस्पताल ले जाया गया था। इस बीच दोनों ओर से भारी जाम लग गया था। पुलिस बीच सड़क पर खड़ी आर्टीका को हटाकर जाम खुलवाया। वहीं कार एमएसपी प्लांट में लगा हुआ है तथा इसका मालिक रायगढ़ का है।
—————