सतनाः खेत पर सो रहे मां-बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला, बुजुर्ग महिला की मौत

सतनाः खेत पर सो रहे मां-बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला, बुजुर्ग महिला की मौत

सतना, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खोही के बकोट गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बुजुर्ग मां और उसके बेटे पर अज्ञात बदमाशों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिसमें 64 वर्षीय मिंता वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई है। बेटे को गंभीर रुप से घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक का इलाज किया जा रहा है।

बरौंधा थाना प्रभारी अभिनव सिंह ने बताया कि घटना रात करीब एक बजे ग्राम पंचायत खोही के ग्राम बकोट निवासी 64 वर्षीय मिंता वर्मा अपने 22 वर्षीय बेटे लखन वर्मा के साथ खेत किनारे बनी झोपड़ी में सो रही थीं। इसी दौरान कुछ लोगों ने दोनों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में मिंता की मौके पर ही मौत हो गई। लखन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि हमले के समय आरोपी शराब के नशे में थे। हालांकि, हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।