व्योमिका सिंह के बारे में जातिसूचक बोलने पर रामगोपाल के खिलाफ एससी-एसटी आयोग में दी दस्तक
भारत रत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने की सपा नेता पर कार्रवाई की मांग
लखनऊ, 19 मई(हि.स.)।विंग कमांडर व्योमिका सिंह के खिलाफ जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल के खिलाफ उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति आयोग (एससी-एसटी) में दस्तक दी गई है। भारत रत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत से मुलाकात की। उन्हें एक पत्र सौंपकर रामगोपाल यादव के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।
उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत के सम्मुख प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भारतीय सेना में विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने जातीय टिप्पणी की है। सपा नेता ने मुरादाबाद के बिलारी में एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्योमिका सिंह की जाति बताने के लिए अपमानजनक शब्द का उपयोग किया। अनुसूचित जाति या जाटव कहने के बजाय उन्होंने जानबूझ कर अपमानित करने के उद्देश्य से अपमानजनक शब्द का उपयोग किया। यह अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम का उल्लंघन है।
आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि सपा नेता रामगोपाल द्वारा विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर अपमानजनक टिप्पणी का मामला बेहद गम्भीर है। इस विषय पर पूर्ण पीठ बैठाकर सुनवाई की जायेगी। उसके बाद उचित न्याय भी किया जायेगा।
—————