तीन वाहनाें की टक्कर में दो की मौत, पांच घायल
पाली, 20 मई (हि.स.)। जिले के रानी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर वरकाना गांव के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद एक वैन भी इनसे टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत पाली के बांगड़ अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को जोधपुर रेफर किया गया है।
रानी थानाप्रभारी पन्नालाल ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर में हुई। मृतकों की पहचान जालोर जिले के शंखवाली गांव निवासी 50 वर्षीय रूपसिंह और गुड़ा एंदला निवासी 60 वर्षीय कुकाराम पुत्र कस्तूरराम के रूप में हुई है।
हादसे में यशपाल सिंह की पत्नी 35 वर्षीय देवी कंवर, 13 साल का बेटा युगवीर और 10 साल की बेटी अक्षिता घायल हो गए। यह परिवार रानी से सूरत जा रहा था और उनके दोपहर की ट्रेन थी। एक अन्य घायल 50 वर्षीय ड्राइवर विराम मगाराम भी नाडोल का रहने वाला है।
दूसरी गाड़ी में सवार 35 वर्षीय राजू सिंह, जो शंखवाली गांव का निवासी है, गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता महावीर सिंह राजपुरोहित और जोगाराम सोलंकी बांगड़ अस्पताल पहुंचे और घायलों की मदद की।
पुलिस ने मृतकों के शव को मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
—————