फतेहाबाद पुलिस ने छह गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को सौंपे

फतेहाबाद पुलिस ने छह गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को सौंपे

फतेहाबाद, 21 मई (हि.स.)। फतेहाबाद पुलिस ने साइबर सुरक्षा शाखा के माध्यम से छह गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर बुधवार को उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के दिशा-निर्देशों के तहत की गई, जिसमें साइबर सुरक्षा शाखा ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की। साइबर सुरक्षा शाखा के प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुमशुदा मोबाइल फोनों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य के छह मोबाइल फोन बरामद किए। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक फतेहाबाद ने अपने कार्यालय में फोन मालिकों को आमंत्रित कर उनके मोबाइल फोन उन्हें सौंपे। अपने मोबाइल फोन वापस पाकर विकास गोरखपुर, कुलविंदर कौर अशोक नगर, फतेहाबाद, विवेक ठाकर बस्ती, फतेहाबाद, नीलम रानी भोडिय़ा खेड़ा, सुभाष चंद्र हंस कॉलोनी, फतेहाबाद और बलदेव सिंह चंदड़ खुर्द ने फतेहाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद पुलिस द्वारा गुमशुदा मोबाइल फोन को ढूंढकर लौटाना अत्यंत सराहनीय कार्य है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है। फतेहाबाद पुलिस सदैव आमजन की सेवा के लिए तत्पर है और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयासरत है। फतेहाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो गया है, तो वह शीघ्र ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराए। पुलिस आपकी सहायता के लिए सदैव तैयार है।