खराब जल मीनार और चापानलों की अविलंब मरम्मत कराए: उपायुक्त

खराब जल मीनार और चापानलों की अविलंब मरम्मत कराए: उपायुक्त

खूंटी, 21 मई (हि.स.)। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने अधिकारियों का स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में खराब पड़ी जल मीनार और चापानलों की अविलंब मरम्मत कराएं, ताकि लोगों को पेयजल की समस्या न हो। उपायुक्त बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल, खूंटी के जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की अब तक की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा के क्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल अंतर्गत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन, हर घर जल योजना समेत अन्य संचालित योजनाओं को तय समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंता समेत सहायक और कनीय अभियता को सक्रिय होकर कार्य करने का निर्देश दिया। वैसे संवेदक जो कार्यों को गुणवत्तापूर्ण नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश डीसी ने दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी जिला समन्वयक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

—————