बहराइच में तेंदुआ महिला को लेकर छत से कूदा, मौत
बहराइच, 25 मई (हि.स.)। जिले के सुजौली थाना क्षेत्र में रविवार को तेंदुए के हमले में एक महिला की मौत हो गई। परिवार का कहना है कि तेंदुआ महिला को लेकर छत से कूद गया, जिससे उसकी मौत हुई है। इस घटना के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया और तेंदुए की तलाश में वन विभाग की टीमें जुट गई।
सुजौली थाना क्षेत्र के अयोध्या पुरवा गांव में निसार का परिवार रहता है। उन्होंने बताया कि शनिवार रात खाना खाने के बाद उनकी पत्नी जाहिरा बानो (45) गर्मी के कारण छत पर सो रही थीं। देर रात काे तेंदुआ छत पर पहुंचा और पत्नी पर हमला कर दिया। तेंदुआ उसे लेकर छत से कूद गया, जिससे जाहिरा बानो की मौत हो गई। शोर सुनकर पूरा गांव इकट्ठा हो गया। मामले की सूचना वन विभाग और सुजौली पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सुजौली थाना प्रभारी हरीश सिंह, सुजौली वन क्षेत्राधिकारी रोहित यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे।
सुजौली पुलिस ने महिला के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग ने मृतका के परिजनों को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दो माह पूर्व वन विभाग ने पिंजरा लगाकर अयोध्या पुरवा गांव से दो तेंदुओं को पकड़ा था। लेकिन एक बार फिर तेंदुए के हमले से ग्रामीण दहशत में हैं। शनिवार को तेंदुए ने महिला को अपना शिकार बनाया है। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम लगा दी गई है, जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
—————