फतेहाबाद : तीसरी कक्षा की छात्रा को बंद कमरे में पीटने वाले टीचर पर केस दर्ज

फतेहाबाद : तीसरी कक्षा की छात्रा को बंद कमरे में पीटने वाले टीचर पर केस दर्ज

फतेहाबाद, 27 मई (हि.स.)। जिले के रतिया उपमंडल के गांव रत्ताखेड़ा में प्राइमरी स्कूल में एक अध्यापक अशोक द्वारा तीसरी कक्षा की छात्रा को कमरे में बंद कर बेरहमी से डंडों से पीटने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी टीचर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रतिया शहर थाना पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर जेजे एक्ट की विभिन्न धाराओं और मारपीट के आरोप में केस दर्ज किया है। अब जल्द ही टीचर की गिरफ्तारी भी होगी। छात्रा का कसूर केवल इतना था कि वह अध्यापक द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब वह नहीं दे पाई थी। छात्रा को रतिया के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीसरी कक्षा की छात्रा की पिटाई करने वाले अध्यापक अशोक के खिलाफ खंड शिक्षा अधिकारी व प्रिंसिपल को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नागरिक अस्पताल में तीसरी कक्षा की छात्रा जस्सी रानी को दाखिल करवाने के बाद उसके पिता कुलवंत सिंह निवासी रत्ताखेड़ा ने बताया कि उसकी बेटी गांव रत्ताखेड़ा के प्राइमरी स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा है। उसको सातवीं कक्षा की एक छात्रा ने घर आकर बताया कि उसकी लडक़ी जस्सी को गांव के प्राइमरी स्कूल में अध्यापक अशोक कुमार ने कमरों में डंडे से बुरी तरह पीटा है। सूचना मिलने पर वह अपने परिजनों के साथ स्कूल में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उसकी लडक़ी कमरे में रो रही थी। जब लडक़ी से पूछा तो उसने बताया कि स्कूल का अध्यापक अशोक कुमार ने उसकी डंडों के साथ पिटाई की है क्योंकि उसे अध्यापक ने उसे जो सवाल पूछे वह उसका उत्तर नहीं दे पाई। लडक़ी ने उसे बताया कि स्कूल अध्यापक द्वारा कमरे को बंद करके डंडों से उसकी पिटाई की गई जिस कारण वह बहुत डर गई थी। इसके बाद परिजनों ने उन्हें नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया और स्कूल अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस संबंध में रतिया शहर थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि बच्ची के पिता की शिकायत पर आरोपी टीचर अशोक कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही टीचर की गिरफ्तारी होगी। रतिया नागरिक अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर नवजोत सिंह ने बताया कि बच्ची की डंडों से भी पिटाई की गई है और उसकी कान पर भी चोट है जिसको देखते हुए ईएनटी का ओपिनियन भी लिया जाएगा। इस घटना की सूचना जैसे ही जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई को मिली तो उन्होंने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी रतिया व स्कूल के प्रिंसिपल को पूरे मामले की जांच रिपोर्ट भेजकर पिटाई करने वाले अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दिए हैं।