राज्यपाल काे अधिकारियों ने दी विकास कार्यों व वनाग्निरोधक तैयारियों की जानकारी
नैनीताल, 27 मई (हि.स.)। राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मंगलवार को नैनीताल राजभवन में नैनीताल जनपद की मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने जनपद में विकास कार्यों की जानकारी ली तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन के लिए किए जा रहे विभागीय प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए इन समूहों को प्रोत्साहित करना अत्यंत आवश्यक है।
राज्यपाल ने जनपद में पंजीकृत होम स्टे इकाइयों की संख्या की जानकारी ली और कहा कि पर्यटन क्षेत्र में स्थानीय सहभागिता बढ़ाने हेतु अधिक से अधिक होम स्टे इकाइयों का पंजीकरण आवश्यक है। इस अवसर पर राज्यपाल ने वन क्षेत्राधिकारी-नैनीताल चंद्रशेखर जोशी से वन विभाग की गतिविधियों, विशेषकर वनाग्नि की घटनाओं तथा उन्हें रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी ली।
उन्होंने पिरूल प्रबंधन के माध्यम से वनाग्नि रोकथाम के लिए किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए इस दिशा में एक प्रभावी व दीर्घकालिक कार्ययोजना की आवश्यकता बताई। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व राज्यपाल ने सोमवार को कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, नैनीताल की डीएम वंदना सिंह व एसएसपी पीएन मीणा से भी इसी तरह भेंट कर संबंधित जानकारियां ली थीं।