राष्ट्रीय दशहरा मेला कोटा में 215 फीट ऊंचा रावण बनेगा
कोटा, 30 मई (हि.स.)। इस वर्ष राष्ट्रीय दशहरा मेला कोटा में रावण का पुतला 215 फीट ऊंचा बनाया जायेगा, जो विश्व में सबसे बडा रावण होगा। मेले के दौरान ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित ड्रोन शो आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है।
शुक्रवार को श्रीराम रंगमंच पर गणेश पूजन के साथ दशहरा मेला-2025 की तैयारियों का श्रीगणेश हो गया। पूजन में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी सहित उत्तर और दक्षिण निगम के पार्षद, प्रबुद्धजन, अधिकारीगण व आमजन शामिल हुए।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि दशहरा मेला हमारी सांझी विरासत है। यह हाड़ौतीवासियों के लिए एक उत्सव नहीं बल्कि भावनात्मक एकता व मेलजोल का प्रतीक है। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा इस एतिहासिक मेले को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास करेंगे। मेले में पहली बार 215 फीट लम्बाई वाला विश्व का सबसे ऊंचा रावण, नवरात्रि में गरबा और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित ड्रोन शो जैसे प्रमुख आकर्षण होंगे।