फतेहाबाद : मताना में ग्राम सचिवालय के निर्माण की मांग, कैबिनेट मंत्री से मिले सरपंच

फतेहाबाद : मताना में ग्राम सचिवालय के निर्माण की मांग, कैबिनेट मंत्री से मिले सरपंच

फतेहाबाद, 3 जून (हि.स.)। गांव मताना में विकास कार्यों में तेजी लाने और ग्राम सचिवालय के निर्माण की मांग को लेकर सरपंच दलबीर वर्मा एडवोकेट ने महिला एवं बाल विकास व सिंचाई मंत्री तथा फतेहाबाद लोक संपर्क एवं जनपरिवाद समिति की अध्यक्ष श्रुति चौधरी से मुलाकात की और मांग पत्र सौंपा। श्रुति चौधरी ने मताना सरपंच से उनकी मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की और इन सभी मांगों को जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया। इस पर सरपंच दलबीर वर्मा एडवोकेट ने कैबिनेट मंत्री का आभार जताया। मंगलवार को इस बारे जानकारी देते हुए गांव मताना के सरपंच दलबीर वर्मा ने बताया कि गांव के पंचायत घर की बिल्डिंग की हालत वर्तमान में बेहद खस्ता है। इसको ग्राम पंचायत द्वारा कंडम घोषित किया जा चुका है। ऐसे में पंचायत घर की बिल्डिंग न होने के कारण गांव के विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। विकास कार्यों को लेकर ग्राम पंचायत की बैठक हो या कोई अन्य सरकारी कार्यक्रम, पंचायत को सभी कार्यक्रम शैड के नीचे बैठकर करने पड़ते हैं। कई बार तो अत्याधिक गर्मी, धूप, सर्दी, बारिश और तूफान में मीटिंग या कार्यक्रम को रद्द तक कर दिया जाता है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री से मांग की कि गांव मताना में ग्राम सचिवालय का जल्द निर्माण करवाया जाए। सरपंच ने बताया कि इसको लेकर पंचायत द्वारा प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है। लोक निर्माण एवं जनस्वास्वाथ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा द्वारा इस मामले में सरपंच को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया जा चुका है। दलबीर वर्मा ने कहा कि कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह इस मामले को लेकर सरकार व जिला अधिकारियों से बातचीत करेंगी और जल्द ही इन समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा।