लूटपाट और छिनतई गिरोह का किया खुलासा, पांच अपराधी गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, 7 जून (हि.स.)। शहर में चार पहिया और दो पहिया वाहन से घूम-घूमकर चोरी और छिनतई की वारदातों को अंजाम देने वाले पांच सदस्यीय गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन अपराधियों के पास से पुलिस ने लूटपाट में इस्तेमाल होने वाले हथियार और अन्य सामान जब्त किए हैं। गिरफ्तार अपराधियों में गोलमुरी नामदा बस्ती गुरुद्वारा के सामने रहने वाला हरपाल सिंह उर्फ गबरू, गोलमुरी टुइलाडुंगरी गुरुद्वारा कांप्लेक्स निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी उर्फ रितिक उर्फ बोनी, सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह कालू बगान राधास्वामी सत्संग के बगल में रहने वाला मनप्रीत सिंह, गोलमुरी नामदा बस्ती बाबा कुटिया निवासी माइकल मोर्बिन डॉस उर्फ पियुष सिंह और गोलमुरी टुइलाडुंगरी लाइन नंबर 16 हनुमान मंदिर के पास रहने वाला राहुल रजक शामिल हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवशीष ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि ये सभी अपराधी सिदगोड़ा और टेल्को सहित आसपास के इलाकों में कार और बाइक से घूमकर लूटपाट और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक अतिरिक्त मैगजीन, एक गुप्ती, एक खंती, दो चापड़, और दो डिफेंस स्प्रे बरामद किए गए हैं। इनमें से चार अपराधियों के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कई गाड़ियों को जब्त किया है, जिनका इस्तेमाल लूटपाट में किया जाता था।
—————