गिट्टी और सीमेंट से लदा ट्रेक्टर अनियंत्रित होकर पलटा, दो मजदूरों की मौत
रायगढ़, 22 जून (हि.स.)। रायगढ़ जिले में रविवार को सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। गिट्टी और सीमेंट से लदा तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली सिसरिंगा घाटी के पास अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। मृतकों की पहचान राजू टोप्पो और संदीप बड़ा के रूप में हुई है, जो आपस में जीजा-साले थे। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसरिंगा घाटी के पास दोपहर ट्रैक्टर चालक परमेश्वर यादव वाहन को घाटी से नीचे उतार रहा था। तभी उसका वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सीधे खेत में जा कर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली के नीचे दबने से राजू और संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक रायगढ़ जिले के गणेशपुर गांव के निवासी थे और कुछ समय के लिए सजवारी चौकी क्षेत्र से सिसरिंगा मजदूरी करने आए थे। रविवार को काम खत्म कर वापस लौटते वक्त यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, फरार चालक की तलश की जा रही है।
————————