मुफ्त बिजली का वायदा करने वाली बीजेपी ने रेट बढ़ाकर प्रदेश की जनता के साथ किया धोखा : विष्णुदत्त
फतेहाबाद, 25 जून (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाए गए बिजली के रेटों के विरोध में और भट्टू क्षेत्र के किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के आह्वान पर किसानों ने बुधवार को भट्टू मार्किट कमेटी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे किसानों ने प्रदेश सरकार की किसान व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद किसानों ने प्रदेश के बिजली मंत्री का पुतला फूंका और नायब तहसीलदार को उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता किसान नेता मास्टर हनुमान सिंह, रिछपाल सिंह भादू व सूरजमल जाखड़ ने संयुक्त रूप से की वहीं विशेष तौर पर किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त व सुभाष चन्द्र भादू ने भाग लिया। धरने को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा सरकार पर लोगों से वायदाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने चुनावों में जनता को 300 यूनिट फ्री बिजली देने और बिजली के रेट कम करने का वायदा किया था। लोगों को फ्री बिजली देना तो दूर सरकार ने अब बिजली के रेटों में अनाप-शनाप बढ़ोतरी करके आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बिजली महंगी होने से किसानों की फसल लागत बढ़ जाएगी और पहले से आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों की परेशानियों बढ़ेगी।
उन्होंने सरकार से बिजली के बढ़ाए गए रेट तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द इस बारे कोई फैसला नहीं लिया तो किसान सभा सडक़ों पर उतरने को मजबूर होगी। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज किसान डीएपी खाद के लिए हाथ में पैसे लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं लेकिन उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही। फतेहाबाद जिले विशेषकर भट्टूकलां में सेम की समस्या के समाधान के लिए सौर ऊर्जा पानी निकासी पम्प लगाए गए हैंं, जिसमें गांव ढाबी कलां, खाबड़ा कलां आदि में कनैक्शन ही नहीं हुए हैं। इस मामले की जांच करवाई जाए। इस अवसर पर वजीर सिंह, प्रताप सिंह, महेन्द्र सिंह, फतेह सिंह, मोखम सिंह, तारा सिंह, सतबीर सिंह, वीर सिंह, हजारी, साधुराम, मांझूराम,सूरजमल, किशोरी, विनोद कुमार, बालाराम, रिछपाल सिंह, मांगेराम, दिनेश भिडासरा, कुलदीप सिंह, ओमप्रकाश सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।