प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को किया जा रहा है पूरा:आरती सिंह राव
स्वास्थ्य मंत्री बोली, प्रदेश में लिंगानुपात में सुधार करना पहली प्राथमिकता,
रोहतक, 25 जून (हि.स.)। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की माता दिवंगत परमेश्वरी देवी के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने बुधवार काे सिंधु भवन पहुंचकर दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दिवंगत परमेश्वरी देवी की सबसे बड़ी देन यही है कि उनके परिवार में 90 से अधिक सदस्य होने के बावजूद भी सिंधु परिवार एक छत के नीचे रह रहा है तथा परिवार की सांझा रसोई चल रही है। दिवंगत परमेश्वरी देवी ने अपने परिवार को अच्छे संस्कार दिए।
आज भी यह परिवार संयुक्त परिवार के रूप में एकजुटता से रह रहा है। यह इस परिवार की बहुत बड़ी विरासत है। उन्होंने आशा व्यक्त की सिंधु परिवार भविष्य में भी इस विरासत को कायम रखेगा। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पीजीआई के साथ-साथ सभी सिविल अस्पतालों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाने के प्रयास किए जा रहे है। प्रदेश में डॉक्टरों की कमी पूरी की जा रही है तथा दवाईयां भी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने प्रदेश में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार कृतसंकल्प है।
—————