बबीना थाना प्रभारी तुलसीराम पांडे ने बताया कि क्षेत्र अंतर्गत आरा मशीन निवासी धर्मेंद्र अहिरवार (28) टाइल्स मिस्त्री था। वह शनिवार की शाम दिलीप कुशवाह और सोनू अहिरवार के साथ बेतवा नदी पर बने सुकमा-दुकमा बांध पर पिकनिक मनाने गया था। तीनों दोस्त नदी में नहाने के लिए उतरे। इस बीच धर्मेंद्र ने पानी में खड़े होकर सेल्फी ली और वीडियो भी बनाया। इसके करीब 10 मिनट बाद ही धर्मेंद्र का पैर फिसला और वह गहरे पानी में डूब गया। तैरना आने के बावजूद धर्मेंद्र नदी के तेज बहाव के चलते खुद को बचा नहीं सका।
दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के काफी लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस काे सूचना दी गई। माैके पर थाना पुलिस पहुंची और नदी डूबे युवक की तलाश में तीन गोताखोरों काे लगाया गया। देर रात तक तलाश के बाद युवक का पता न चलने पर रविवार सुबह गाेताखाेराें से फिर खाेजबीन कराई गई। करीब 7 बजे सुबह मौके से करीब 100-150 मीटर की दूरी पर नदी में डूबे युवक धर्मेंद्र का शव जामुन के पेड़ में फंसा मिल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी तुलसीराम पांडे ने लोगों से अपील की कि सभी नदियां और बांध खतरे के निशान के ऊपर बह रहे हैं, इनमें जाने और नहाने का जोखिम न उठाएं। प्रशासन भी इसको लेकर गंभीर है और लोगों से अपील करते हुए नदियाें और बांध के आसपास लाेगाें काे जाने से मना किया है।