राष्ट्रीय राइफल रेजिमेंट के जवान का सीहोर में निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राइफल की 23वीं बटालियन जम्मू में पदस्थ जवान पिंटू भाई गत 14 जुलाई से 10 अगस्त तक छुट्टी लेकर परिवार से मिलने गांव आए थे। शनिवार सुबह वह घर से पौधे लगाने का बताकर गए थे। उनके खेत नेवज नदी के किनारे स्थित हैं। जब परिजन ने फोन किया और उन्होंने नहीं उठाया। तो परिजन ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। तलाश के दौरान वह नदी किनारे मृत अवस्था में मिले।

जावर थाना प्रभारी नीति देहरवाल ने बताया कि पिंटू भाई राष्ट्रीय राइफल की 23वीं बटालियन जम्मू में पदस्थ थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। उन्होंने सेना के जम्मू हेडक्वार्टर और भोपाल को भी सूचना दी। सेना के अधिकारियों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम के बाद गांव में राजकीय सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई।

सैनिक पिंटू भाई 14 मार्च 2020 में सेना में नियुक्त हुए थे। परिवार में उनके माता-पिता और एक छोटा भाई है। तीन महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी। सैनिक पिंटू भाई हंसमुख और मिलनसार थे।