किशोरपुरा गांव निवासी विनोद पटेल का एक खेत महेबा रोड पर है। वह रोजाना की तरह बुधवार को शाम के समय अपनी फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गया था। खेत में बने कुएं से तेज बदबू आ रही थी। विनोद ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में दो बोरियां उतरा रही थीं। उसकी जानकारी पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों बोरियों को कुएं से बाहर निकाला। जब बोरियों को खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर लोग दंग रह गए। एक बोरी में महिला का गर्दन से लेकर कमर तक का हिस्सा और दूसरी बोरी में कमर से लेकर जांघ तक का हिस्सा भरा था। महिला के हाथ, पैर और सिर गायब थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्लास्टिक की दोनों बोरियों में शव के साथ ईंट-पत्थर भी भरे हुए थे, ताकि शव कुएं के पानी में जल्दी ऊपर न आ पाए।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने बताया कि बाकी के अंगों को तलाशने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया, मगर बारिश की वजह से कुएं में पानी ज्यादा है। इसलिए दिक्कत आ रही है। महिला के शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव करीब तीन दिन पुराना हो सकता है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
एसपी ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार ने बताया कि किशोरपुरा के जंगल में एक कुएं से एक महिला की डिकॉम्पोजड लाश बरामद हुई है। साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट भी पहुंची है। महिला के शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। सिर व हाथ पैर न होने से शिनाख्त के लिए टीमें गठित की हैं।