बच्चों और युवाओं को शामिल कर हुए देशभक्ति के कार्यक्रम
बुरहानपुर में महापौर माधुरी अतुल पटेल के नेतृत्व में 2 अगस्त से देशभक्ति पूर्ण कार्यक्रम लगातार आयोजित किये जा रहे है। इसी क्रम में गुरुवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा शहर के कमल चौराहे से शुरू होकर महात्मा गांधी चौक होते हुए कमल चौराहे पर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक गण शामिल हुए। स्कूलों और कॉलेज में ड्राइंग प्रतियोगिता और बालिकाओं की रंगोली प्रतियोगिता हुई। इसमें प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज की आकृतियां आकर्षक तरीके से बनाई। नागरिकों से तिरंगा यात्रा के दौरान घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने की अपील की गई। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिये स्टॉल लगाने के लिये कहा गया। महिलाओं ने घर पर तैयार सामग्री का जन सामान्य के बीच विक्रय किया।
तिरंगा वाहन रैली निकाली गई
कटनी में स्कूल शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह और सांसद वीडी शर्मा की उपस्थिति में वाहन रैली निकाली गई। यह रैली शहर के मुख्य मार्गो से गुजरी। कटनी नगर में स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। नगर निगम कटनी द्वारा सामूहिक जनभागीदारी से सफाई मित्रों के साथ स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया।
तिरंगे झंडे के सम्मान की शपथ दिलाई गई
रतलाम में जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा शहर में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा रैली का शुभारंभ लोकेन्द्र सिनेमा परिसर से हुआ। तिरंगा रैली के माध्यम से हर भारतीय को अपने घरों में तिरंगा लगाने और देश की आजादी के जश्न में इसे गर्व से फैराने का निमंत्रण दिया गया। इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के भीतर देशभक्ति की गहरी भावना जगाना और हमारे राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जनसामान्य में अधिक से अधिक समझ विकसित करना है। कार्यक्रम में कलेक्टर राजेश बाथम द्वारा तिरंगा झण्डे के सम्मान की शपथ दिलाई गई। रैली में नशा मुक्त भारत अभियान में जनसामान्य को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।