पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3600 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

घटना सोमवार आधी रात की है, जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रांची से एक मालवाहक वाहन (407, संख्या झ01द-1678) में भारी मात्रा में कफ सिरप लाया जा रहा है। बताया गया कि यह खेप जगन्नाथपुर के रहीमाबाद निवासी अनिसुर रहमान उर्फ राजू के लिए लाई जा रही थी, जिसे आगे चाईबासा और ओडिशा के विभिन्न इलाकों में बेचा जाना था।

सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। देर रात आईटीआई मोड़, तोड़ांगहातु के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध गाड़ी को रोका गया। तलाशी में 30 पेटियों में भरा 3,600 बोतल वनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ, जिसके लिए कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

मौके से पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया जिनमें राजेन्द्र प्रधान (चिरूमाठा स्कूल टोला, थाना आनन्दपुर), अमरदीप लागुरी (तोड़ांगहातु, थाना जगन्नाथपुर) और सुनिल तिर्की (चारबंदिया, थाना आनन्दपुर) बताए गए हैं। मौके पर पुलिस ने गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस ने कहा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी अभियान में एसडीपीओ रफाएल मुर्मू के साथ थाना प्रभारी अविनाश हेम्ब्रम, पुअनि अभिमन्यु कुमार और विश्वनाथ हेम्ब्रम, हवलदार अजित एक्का और आरक्षी इबरार, दीपक केरकेट्टा, वासुदेव उरांव, रवीन्द्र उरांव एवं चालक प्रकाश बेहरा शामिल थे।