साइबर थाना प्रभारी ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल भकत (22), ग्राम छोटा गोविंदपुर, थाना परसुडीह और उत्तम भकत (21), ग्राम काला पाथर, थाना जादूगोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का उददेश्य बेहद सुनियोजित था। आरोपी गांव-गांव जाकर लोगों से बैंक खाता खुलवाते थे और उन्हें गिरोह के अन्य सदस्यों को बेच देते थे। इसके बाद उन्हीं खातों का इस्तेमाल कर ठगी का खेल खेला जाता था।
गिरोह टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को फंसाकर लाखों रुपए की ठगी करता था। गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे महावीर भकत, मलय भकत, प्रीतिश राज, मनातोश भकत, उज्ज्वल प्रामाणिक और अमित भकत सहित अन्य सदस्यों के साथ मिलकर साइबर अपराध को अंजाम देते थे। ठगी से हुई रकम का 10 प्रतिशत हिस्सा उन्हें मिलता था, जिसमें से पांच प्रतिशत उन लोगों को दिया जाता था जिनसे खाते खुलवाए जाते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से रेडमी और ओप्पो कंपनी के दो स्मार्टफोन और जियो के तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं।