पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में दोनों संदिग्धों के दिल्ली और एनसीआर में आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश में शामिल होने की आशंका है। साथ ही इनके विदेश से संचालित आतंकी मॉड्यूल से संपर्क होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने बताया कि रांची में ऑपरेशन के दौरान झारखंड एंटी-टेरर स्क्वॉड की भी मदद ली गई। फिलहाल दिल्ली और झारखंड के कई इलाकों में छापेमारी की जा रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
वहीं सूत्रों की मानें ताे पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ लोग दिल्ली-एनसीआर में “कुछ बड़ा” करने की योजना बना रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर दोनों राज्यों में समन्वित अभियान चलाकर संदिग्धों को पकड़ा गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक करीब आठ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 में भी स्पेशल सेल ने दिल्ली, झारखंड, राजस्थान और उप्र के 17 ठिकानों पर छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार और आठ को हिरासत में लिया था। उस समय भी मामला अल-कायदा से प्रेरित मॉड्यूल से जुड़ा हुआ पाया गया था।