नक्सलवाद के खात्मे के साथ ही नियद नेल्लानार योजना क्षेत्रों में वन आधारित रोजगार सृजन हेतु करें पहल – केदार कश्यप

वन मंत्री ने जोर देकर कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के खात्मे के साथ ही विकास की नई लहर चल रही है, और वन विभाग को इसमें अग्रणी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने तथा मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। वन मंत्री ने बस्तर के नियद नेल्लानार योजना क्षेत्रों में वन विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में विशेष तौर पर ध्यान केंद्रित करने सहित नियमित रूप से मॉनिटरिंग किए जाने कहा।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। वृक्षारोपण अभियान के तहत लाखों पौधे रोपे जा चुके हैं, जबकि कूप कटाई और निर्माण कार्यों में भी तेजी आई है। राजस्व संग्रहण में वृद्धि दर्ज की गई है, और मालिक मकबूजा योजना के माध्यम से वनवासियों को उनके अधिकार सुनिश्चित किए जा रहे हैं । जन कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लघु वनोपज संग्रहण और वैकल्पिक आजीविका स्रोतों पर फोकस किया गया, ताकि ग्रामीणों की आय दोगुनी हो सके।

वन मंत्री केदार कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा हमारी आजीविका का आधार वनोपज है । इको टूरिज्म और वनोपज प्रसंस्करण के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रोजगार दें। बस्तर कई दशकों से माओवाद से पीड़ित रहा है, किंतु अब माओवाद के साए से बाहर आ रहा है। नई पीढ़ी को अब रोजगार प्रदान करें। बस्तर के विभिन्न पर्यटन स्थानों पर सुविधाएं प्रदान करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार दें। पर्यटन स्थानों के विकास में स्थानीय परंपराओं का ध्यान रखें। लघु वनोपज के प्रसंस्करण का लाभ स्थानीय युवाओं को मिले। नीलगिरी और अकेशिया के विदोहन के लिए आवश्यक नीति निर्माण हेतु तत्परता से कार्य करें। वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के पश्चात तत्काल वृक्षारोपण करें। वृक्षों की कटाई और अवैध परिवहन पर नजर रखें और कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। वन भूमि पर अतिक्रमण पर त्वरित कार्रवाई करें। वनौषधि के संरक्षण के साथ ही वैद्यों के परंपरागत ज्ञान का उपयोग करें। उनकी भूमि में वनौषधियों का रोपण करें। वन भूमि के तालाबों का उपयोग मछली पालन हेतु करें और स्थानीय युवाओं को रोजगार दें। वृक्षारोपण के साथ ही पौधों की देखभाल और वृक्षों का संरक्षण हमारा दायित्व है। इस दायित्व का निर्वहन भली भांति करें। योजना बनाकर कार्य को पूर्ण करें।

बैठक में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ अनिल साहू, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी एवं मुख्य वन्य प्राणी अभिरक्षक अरुण पाण्डे, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी कैंपा ओपी यादव, मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर आरसी दुग्गा, मुख्य वन संरक्षक कांकेर दिलराज प्रभाकर, मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी जगदलपुर सुश्री स्टाइलो मंडावी, तीनों वन वृत्त के सभी वन मंडलाधिकारी एवं उप वन मंडलाधिकारी उपस्थित रहे।