बैठक में एसपी सुमित कुमार अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक की शुरुआत में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं, हिट एंड रन सहित अन्य मामलों पर बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम के लिए सभी विभागों को समन्वित और ठोस कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा नियमों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए व्यापक जांच अभियान तथा जागरूकता अभियान चलाए जाए।
जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव ने जानकारी दी कि परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों और किशोरों को यातायात नियमों के पालन के प्रति प्रेरित किया जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिगों की ओर से वाहन चलाने पर किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी और अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बिना हेलमेट या अन्य किसी प्रकार से सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।