झांसी : शव के गले से मंगलसूत्र चुराने वाली स्वीपर की सेवाएं समाप्त, वार्ड ब्वाॅय निलंबित

मेडिकल कॉलेज के सीएमएस सचिन माहुर ने शनिवार काे बताया कि झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सैंयर गांव की रहने वाली समीक्षा यादव (28) पत्नी आनंद यादव ने शुक्रवार को पारिवारिक कलह के चलते फांसी लगा ली थी। महिला काे परिजन अस्पताल लेकर आए थे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के मायके पक्ष के लोग ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप का लगा रहे थे। इस बीच वहां माैजूद महिला स्वीपर सुधा ने मृतक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र निकालकर गद्दे के नीचे छिपा दिया। कुछ देर बाद जैसे ही परिजन महिला के शव के पास पहुंचे और गले से मंगलसूत्र गायब देखा ताे हंगामा करने लगे। हंगामा देख इमरजेंसी इंचार्ज सलीम कुरैशी माैके पर पहुंचे और तलाशी शुरू कराई। इस दाैरान मंगलसूत्र गद्दे के नीचे से मिल गया। इस संबंध महिला स्वीपर ने पूछताछ में बताया कि उसको शव के गले से मंगलसूत्र निकालने के लिए वार्ड ब्वाॅय अजय ने कहा था।

सीएमएस ने बताया कि वार्ड ब्वाॅय के कहने पर महिला स्वीपर द्वारा मृतक महिला के गले से मंगलसूत्र चाेरी करने के मामले काे गंभीरता से लिया गया है। इस मामले में एक्शन लेते हुए स्वीपर सुधा की सेवा समाप्त कर दी गई हैं, जबकि वार्ड ब्वॉय अजय को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

बिजौली चौकी इंचार्ज दिलीप पांडे ने बताया कि एक महिला की आत्महत्या का मामला सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक महिला के भाई ने सुसरालीजनों पर दहेज हत्या का आऱोप लगाया है। महिला के दो बच्चे हैं। मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।