हाथी शहर में प्रवेश करने के बाद आठ वार्डाें के गली-मोहल्लों से हाेते हुए शहर पार किया। इस दौरान पुलिस व वन विभाग हाथी पर नजर रखते हुए लोगों को सचेत करता रहा। यह दंतैल हाथी एक ही दिन में 50 किलोमीटर चलकर दोनर व बोरसी होते हुए सिंगपुर के जंगल पहुंच गया।
पखवाड़ेभर से अधिक समय तक गंगरेल व गुरूर क्षेत्र के जंगलों में घूम रहे एक दंतैल हाथी छह अक्टूबर को धमतरी के डांगीमाचा जंगल पहुंचे। फिर शाम पांच बजे लोगों ने इस हाथी को गंगरेल से गुजरते हुए मरादेव में देखा। यहां हाथी वृंदावन गार्डन रोड से चटर्जी आम बगीचा और मुर्गी फार्म के आसपास से गुजर कर बेंद्रानवागांव रूद्री मोड़ पहुंच गया। सड़क में हाथी को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। रूद्री-गंगरेल के मुख्य सड़क से होकर हाथी रूद्री चौक पहुंच गया, जिससे लोगों में दहशत छा गया। पुलिस व लोगों की भीड़ के चिल्लाने के बाद हाथी चौक से सीधे पूर्व सरपंच अनिता यादव के घर के पीछे से कलेक्ट्रेट व एसपी बंगला क्षेत्र में पहुंचा, इसके बाद हाथी पुलिस वाहन के सायरन सुनकर कालोनी की ओर चला गया। हाथी देखने लोगों की भीड़ लगी। हाथी के सामने अचानक एक साइकिल सवार भी आ गया, लेकिन हाथी बिना नुकसान पहुंचाए आगे निकल गया। फिर यह हाथी कालोनी के पीछे से होते हुए दुलारी नगर से बालाजी कालोनी पहुंच गया। यहां से हाथी अटल आवास कालोनी पिंकी सिटी पहुंच गया। कालोनी व रोड से होते हुए हाथी दानीटोला के मुख्य सड़क पर पहुंच गया। इसके बाद यह हाथी आगे बढ़ कर विंध्यविहार कालोनी में घुस गया। लोग हाथी के पीछे दौड़ते रहे और हाथी आगे बढ़ता रहा। विंध्यविहार कालोनी से आगे होते हुए हाथी दानीटोला वार्ड, जालमपुर तालाब के पास से पुनः मेन नगरी रोड पर निकल गया। यहां से हाथी अर्जुन रेसिडेंसी होकर शांति कालोनी पहुंच गया। रात साढ़े 10 बजे हाथी शांति कालोनी से सीधे हरफतराई की ओर आगे बढ़ गया। जैसे ही शहर सीमा से हाथी गांव की ओर आगे बढ़ा, तब जाकर वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली। इसके बाद हाथी शंकरदाह, बलियारा, कंडेल, नवागांव से सीधे दोनर पहुंचा और पुल के ऊपर से चलते हुए बोरसी पहुंच गया। मंगलवार सुबह तक यह हाथी उत्तर सिंगपुर के जंगल में प्रवेश कर लिया।
दंतैल हाथी शहर से करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए जंगल पहुंचा। सिंगपुर वन परिक्षेत्र के झाझरकेरा, पाहंदा, देवगांव, धनबुड़ा, बोदलबाहरा, केंवराडीह, भालुचुवा समेत आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वन विभाग की टीम हाथी पर नजर रखे हुए है।
सुरक्षा पर लगे डीएफओ समेत वन अमला व पुलिस
दंतैल हाथी के ग्राम पंचायत रूद्री पहुंचने की खबर के बाद वन विभाग का अमला सतर्क हो गया। मौके पर पहुंचकर लोगों को अलर्ट करते रहे। डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव के अलावा एसडीओ विश्वकर्मा, लकरा, रेंजर सोम और सभी डिप्टी रेंजर, फारेस्ट गार्ड के अलावा अन्य कर्मी और पुलिस विभाग की टीम हाथी के पीछे-पीछे चलते रहे।