सड़क पर केज व्हील लगे ट्रेक्टरों के संचालन पर चालानी कार्रवाई करेगा परिवहन विभाग

सड़कों में केज व्हील लगे हुए ट्रेक्टर का संचालन किया जाना मोटर वाहन अधिनियम और नियमों के विरुद्ध है। जिससे दुर्घटना घटित होने की आशंका भी बढ़ जाती है। इसके संबंध में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में याचिका भी लगाई गई है। इसके चलते जिला परिवहन अधिकारी धमतरी मोहम्मद अब्दुल मुजाहिद के नेतृत्व में जगदलपुर उड़नदस्ता प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार एवं टीम द्वारा क्षेत्र में ऐसे केज व्हील लगे ट्रेक्टर वाहनों का सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियम विरुद्ध वाहनों का संचालन करते हुए पाये जाने पर विभाग द्वारा चालानी कार्रवाई भी की जा रही हैं। परिवहन विभाग द्वारा ट्रेक्टर वाहन के चालकों को जागरूक करते हुए उन्हें समझाइश दी जा रही है कि ऐसे वाहनों का सड़क पर संचालन न करें। इसके लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। ट्रेक्टर विक्रेताओं के शो रूम का भ्रमण कर भी समझाइश दी जा रही है। परिवहन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर चलते समय ऐसे वाहनों से सावधानी बरतें और नियमों का पालन करें। ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।