जींद : जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है भाजपा सरकार : देवेंद्र अत्री

उचाना भाजपा विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री रविवार को अपने आवास पर कार्यकर्ताओं व आमजन से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी व संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने में गंभीर है। पहले ही साल में 46 संकल्प पूरे कर दिए गए हैं, जिससे लोगों की सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने बताया कि 158 अन्य वायदों पर तेजी से काम जारी है। सीएम नायब सिंह सैनी की सरकार ने किसानों के हित में ठोस कदम उठाए हैं।

हरियाणा पहला राज्य बना जिसने 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा। मंडियों में किसानों को भुगतान अब 72 घंटे की बजाय 48 घंटे में सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीते एक साल में बिना पर्ची, बिना खर्ची के सिद्धांत पर 33,949 युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गईं। वहीं 17 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भाजपा सरकार युवाओं को पारदर्शी व मेरिट आधारित अवसर दे रही है। महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देने के लिए सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की है। गरीब उत्थान की भावना को बल देते हुए अत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग में आरक्षण का वर्गीकरण लागू किया गया है, जिससे समाज के कमजोर तबके को न्याय और समान अवसर मिल रहे हैं। भाजपा सरकार सामाजिक समरसता और समान विकास की नीति पर कार्य कर रही है।