बेकाबू ट्रक ने ली किशोर की जान, एक घायल

मीरजापुर, 20 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के चुनार कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर तोड़कर दूसरी पटरी पर जा चढ़ा और सड़क किनारे दुकान के पास सो रहे दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात लगभग 11:30 बजे की है।

समसपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास यूरिया खाद की दुकान के पास ट्रक (जो मीरजापुर से चुनार की ओर जा रही था) अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गया। इस दौरान दुकान के पास सो रहे अजय साहनी (16) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अंगद प्रजापति, निवासी बेलहरा थाना लालगंज गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि ट्रक की रफ्तार अधिक थी, जिससे वह डिवाइडर तोड़कर दूसरी पटरी पर जा पहुंचा और हादसा हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है।

————–